नई दिल्ली, 6 मई 2025, मंगलवार। भारत ने एक बार फिर अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन करने की तैयारी कर ली है। 7 और 8 मई को भारत-पाकिस्तान सीमा के दक्षिणी हिस्से पर भारतीय वायुसेना (IAF) एक बड़े पैमाने पर हवाई युद्धाभ्यास करेगी। इसके लिए भारत ने नोटिस टू एयरमेन (NOTAM) जारी किया है, जो 7 मई दोपहर 3:30 बजे से 8 मई रात 9:30 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान राजस्थान के रेगिस्तानी क्षेत्र में राफेल, मिराज 2000 और सुखोई-30 जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमान गरजेंगे। यह अभ्यास न केवल भारत की युद्ध तैयारियों को मजबूत करेगा, बल्कि सामरिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। भारत ने पाकिस्तानी विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया, जिससे पाकिस्तान की उड़ानें लंबे रास्तों पर मजबूर हैं। दूसरी ओर, पाकिस्तान ने भी अपने हवाई क्षेत्र में प्रतिबंध लगाए, लेकिन भारत का यह युद्धाभ्यास उसके लिए स्पष्ट चेतावनी है।
पाकिस्तानी जनता में दहशत का माहौल है। सोशल मीडिया पर चर्चा है कि भारत की सैन्य तैयारियां और NOTAM की घोषणा ने पाकिस्तान को भयभीत कर दिया है। बिना कोई हमला किए भारत ने मनोवैज्ञानिक दबाव बनाकर पाकिस्तान को बैकफुट पर ला दिया है। यह युद्धाभ्यास भारत की रणनीतिक शक्ति और सतर्कता का प्रतीक है।