नई दिल्ली, 6 मई 2025, मंगलवार। अमेरिका ने भारत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आतंकवाद के खिलाफ जंग लड़ने का वादा किया है। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत को वैश्विक समर्थन मिल रहा है। रूस के बाद अब अमेरिका ने भी भारत के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता जताई है। अमेरिकी संसद के स्पीकर माइक जॉनसन ने जोर देकर कहा कि भारत को आतंकवाद के खिलाफ हर हाल में डटकर मुकाबला करना होगा और अमेरिका इसमें हर संभव सहायता देगा।
जॉनसन ने ट्रंप प्रशासन की ओर से भारत को सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा, “भारत में हुई त्रासदी पर हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। अमेरिका अपनी पूरी ताकत के साथ अपने मित्र भारत के साथ खड़ा है।” उन्होंने भारत-अमेरिका के बढ़ते रिश्तों की सराहना की और व्यापार के क्षेत्र में जल्द ही सकारात्मक परिणामों की उम्मीद जताई। जॉनसन ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर खतरा बढ़ता है, तो अमेरिका संसाधनों और हर तरह की मदद के साथ भारत के साथ रहेगा।