लखनऊ, 27 फरवरी 2025, गुरुवार। महाकुंभ का समापन हो गया है, लेकिन इसे लेकर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। समाजवादी पार्टी के नेता आईपी सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें सनातन धर्म का विरोधी बताया है। सपा नेता ने कहा कि राहुल गांधी खुद को हिंदू बताते हैं, लेकिन रायबरेली आने के बावजूद उन्होंने कुंभ में स्नान नहीं किया। इससे यह साबित होता है कि वे हिंदू धर्म के प्रति उदासीन हैं। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी भी सनातन धर्म की विरोधी हैं।
सपा नेता ने कहा कि सोनिया गांधी ईसाई धर्म से हैं और प्रियंका बाड्रा ने ईसाई धर्म में विवाह किया है। अगर वे स्नान नहीं करती हैं अपने ईसाई धर्म का पालन करती हैं तो सवाल नहीं उठेंगे पर राहुल गांधी समय समय पर अपने को हिन्दू बताते हैं। महाशिवरात्रि पर्व के अंतिम स्नान पर वे रायबरेली आये पर कुंभ स्नान करने नहीं गये चाहते तो रायबरेली में गंगा जी बहती हैं वहाँ भी स्नान कर सकते थे पर उन्हें हिन्दू धर्म से चिढ़ है यह उन्होंने साबित कर दिया।
एक ओर, कांग्रेस यूपी में सपा की सहयोगी पार्टी है। पार्टी मुखिया अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव में भी इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की बात कहते रहते हैं, ऐसे में सपा नेता द्वारा अपने सबसे बड़े सहयोगी पर सीधा हमला कई तरह की चर्चाओं को बढ़ावा दे रहा है।