नई दिल्ली, 24 जनवरी 2025, शुक्रवार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की 101वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनका जीवन व आदर्श देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।
कर्पूरी ठाकुर को पिछले साल मरणोपरांत ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया था। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर जी को उनकी जन्म-जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। जननायक ने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय के लिए समर्पित कर दिया और इस दिशा में अनेक प्रयास किए। उनका जीवन और आदर्श देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।”
कर्पूरी ठाकुर दो बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे थे। उनका जन्म 24 जनवरी 1924 को और निधन 17 फरवरी 1988 को हुआ था।