नई दिल्ली, 21 जनवरी 2025, मंगलवार। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय अपनी महत्वाकांक्षी ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान की 10वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है। यह जश्न 22 जनवरी से 8 मार्च तक चलेगा, जो अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर समाप्त होगा। इस अभियान को 22 जनवरी, 2015 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुरू किया था। इसका मुख्य उद्देश्य लिंग असंतुलन और घटते बाल लिंग अनुपात की समस्या का समाधान करना है।
इस अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सशस्त्र बलों, अर्धसैनिक बलों, दिल्ली पुलिस, और केंद्रीय मंत्रालयों की महिला अधिकारी भाग लेंगी। इसके अलावा, आंगनवाड़ी पर्यवेक्षक, कार्यकर्ता, और राज्य और जिले के प्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से सरकार लिंग असंतुलन और बाल लिंग अनुपात में सुधार लाने का प्रयास कर रही है।