आगरा, 7 जनवरी 2025, मंगलवार। आगरा में होटल अमर विलास के पास से आठ साल का बच्चा अर्जुन अपने परिवार से बिछड़ गया। वह अमेरिका के कैलिफोर्निया से ताजमहल देखने आए पर्यटक नीरज कुमार का बेटा था। अर्जुन होटल से बाहर आकर बिछड़ गया और रोता हुआ अमर विलास बैरियर के प्रभारी उप निरीक्षक मुकेश कुमार को मिला।
उप निरीक्षक मुकेश कुमार ने अर्जुन से बात करने की कोशिश की, लेकिन वह हिंदी में बात नहीं कर पा रहा था और न ही परिजनों का मोबाइल नंबर बता पा रहा था। तब उप निरीक्षक मुकेश कुमार ने अर्जुन को मोबाइल दिया और कहा कि वह अपने मम्मी या पापा का फोन नंबर डायल करे। अर्जुन ने +4 डायल किया और आगे का नंबर नहीं बता पाया, जिससे यह पता चला कि वह अमेरिका से है।
इसके बाद उप निरीक्षक मुकेश कुमार ने विदेशी बच्चे के बिछड़ने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक ताज सुरक्षा द्वारा सीसीटीवी फुटेज, रेडियो अनाउंसमेंट और आरटी सेट से प्रसारण कराया गया। क्विक रिस्पांस टीम के जवानों को भी खोज में लगाया गया। जिसके बाद 10 से 15 मिनट के अंदर अर्जुन के परिजनों को खोज कर सकुशल अर्जुन को उनके सुपुर्द किया गया।
बिछड़े हुए अर्जुन के मिल जाने पर परिजनों ने आगरा पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक तिलक राम भाटी, उप निरीक्षक मुकेश कुमार, उप निरीक्षक शिवराज सिंह, मुख्य आरक्षी नरेंद्र कुमार, मुख्य आरक्षी मुख्तयार खान, आरक्षी वासुदेव सिंह आरक्षी पंकज कुमार, महिला आरक्षी मीनू यादव महिला आरक्षी लक्ष्मी देवी सम्मिलित हैं।