ऋषिकेश, उत्तराखंड, 19 नवंबर 2024, मंगलवार। ऋषिकेश नगर निगम ने प्लास्टिक कूड़ा प्रबंधन में एक अनोखी मिसाल पेश की है। नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी की पहल पर आईएसबीटी, त्रिवेणी घाट और वीरभद्र में प्लास्टिक बैंक स्थापित की गई है, जहां लोग खुद प्लास्टिक कचरा डालते हैं। इस पहल से अब तक 400 किलो प्लास्टिक रीसाइकिल हो चुका है।
वेस्ट टू वंडर पार्क: प्लास्टिक वेस्ट से बने झूले और सजावटी सामान
नगर निगम ने प्लास्टिक वेस्ट से ‘वेस्ट टू वंडर’ पार्क बनाया है, जहां पुराने टायर, खराब स्ट्रीट लाइट, साइकिल-स्कूटर से बच्चों के झूले और सजावटी सामान तैयार किए गए हैं। साथ ही, रीसाइकिल प्लास्टिक से बैंच, ट्री कार्ड, प्लास्टिक बैंक बॉक्स भी तैयार किए जा रहे हैं।
महिला समूहों को जोड़ा अभियान: 250 महिलाओं को मिला रोजगार
नगर निगम ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों (त्रिवेणी सेना) को जोड़ा, जिससे यूजर चार्ज कलेक्शन 13 लाख के पार पहुंच गया है। इससे 250 महिलाओं को रोजगार मिला है।
मुख्यमंत्री की पहल: प्लास्टिक कूड़ा निस्तारण की ठोस व्यवस्था
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सभी निकायों को प्लास्टिक कूड़ा निस्तारण की ठोस व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। सरकार इस दिशा में बेहतर काम करने वाले निकायों को पुरस्कृत कर रही है।