भोपाल, 8 अक्टूबर 2024, मंगलवार। कुरूक्षेत्र की पवित्र भूमि पर धर्म की विजय हुई है और अधर्म का नाश हुआ है। यदा यदा ही धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत, अभ्युत्थानमधर्मस्य तदात्मानम सृज्याहम… प्रधानमंत्री जी के प्रति श्रृद्धा का प्रकटीकरण इस परिणाम से हुआ है। मोदी जी के नेतृत्व में जो ठोस काम हुआ है, उस पर जनता ने विश्वास जताया है। देश की जनता, भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा करती है। ये बातें केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरियाणा चुनाव में बीजेपी की जीत और कांग्रेस की हार को लेकर कही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा चुनाव में बीजेपी की जीत दिखाती है कि समाज को बांटने की कांग्रेस की योजना विफल हो गई है। शिवराज चौहान ने कहा कि चुनाव जनादेश पीएम मोदी के नेतृत्व में किसानों और विभिन्न अन्य वर्गों के लिए केंद्र द्वारा की गई कल्याणकारी पहलों को दर्शाता है। वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि जम्मू और कश्मीर के जम्मू क्षेत्र में चुनाव परिणाम उम्मीद के मुताबिक हैं।
राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस नेता कभी-कभी खेतों में फोटो खिंचवाते हैं और फिर जलेबी के बारे में भी बात करते हैं। उन्होंने भोपाल में संवाददाताओं से कहा, कभी-कभी राहुल अपनी टीम को खेतों में ले जाते हैं और फोटो खींचते हैं और फोटोग्राफरों से पूछते हैं कि फ्रेम में आने के लिए सबसे अच्छा एंगल कौन सा है। कभी-कभी वे जलेबी खाते हैं, लेकिन लोग जानते हैं कि उनके लिए असली काम कौन कर रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए किए गए कार्यों का असर हरियाणा में साफ दिखाई दे रहा है। लोगों की प्रतिक्रियाएं खुद-ब-खुद स्पष्ट हो रही हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा, कांग्रेस हवा में उड़ रही थी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कई सीटों पर कांग्रेस तीसरे स्थान पर खिसक गई है, जबकि भाजपा शानदार जीत की ओर बढ़ रही है। चौहान ने कहा, “कांग्रेस समाज को बांटने की चाहे जितनी कोशिश करे, उनकी योजना कभी सफल नहीं होगी। पूरा देश और हरियाणा प्रधानमंत्री मोदी के पीछे खड़ा है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने किसानों के कल्याण के लिए किए गए अभूतपूर्व काम के आधार पर लोगों से वोट मांगे हैं। उन्होंने कहा, केंद्र की योजनाओं और हरियाणा में राज्य सरकार द्वारा किए गए कल्याणकारी कार्यों का प्रभाव चुनाव परिणामों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। चौहान ने कहा कि सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि हर कैबिनेट बैठक में किसानों के कल्याण से संबंधित एक या दो फैसले लिए जाएं।
हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी को एक बार फिर स्पष्ट बहुमत मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की जनता को नमन करते हुए इस विजय को विकास और सुशासन की जीत बताया। प्रधानमंत्री ने कहा, हरियाणा की जनशक्ति ने भाजपा पर जो भरोसा दिखाया है, वह सराहनीय है। यह विजय उन सभी लोगों की आकांक्षाओं का प्रतीक है, जिन्होंने प्रदेश के विकास के लिए हमें चुना है। मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि उनकी उम्मीदों को पूरा करने के लिए हम कोई भी कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। बता दें, भाजपा ने हरियाणा के इतिहास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 48 सीट पर जीत दर्ज की। इससे पहले, भाजपा ने 2014 के विधानसभा चुनाव में 47 सीट जीतकर पहली बार अपने बूते हरियाणा में सरकार बनाई थी। साल 2019 के चुनाव में उसे 40 सीट मिली थी।