सफाई कर्मचारियों ने नियमितीकरण समेत अन्य मांगों को लेकर सिविक सेंटर पर एक दिवसीय धरना दिया। आक्रोशित कर्मचारियों ने निगम आयुक्त और मेयर को हफ्ते भर का समय देते हुए कहा कि यदि इनकी मांगे नहीं मानी गईं तो वह 27 फरवरी से काम बंद कर हड़ताल करेंगे। धरने में निगम के 12 जोनों से हजारों सफाई कर्मचारी व निगम में नेता विपक्ष पूर्व मेयर राजा इकबाल सिंह भाजपा पार्षदों के साथ उपस्थित रहे। वहीं, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली ने भी कांग्रेस पार्षदों और कार्यकर्ताओं के साथ हिस्सा लिया।
सफाई कर्मचारियों ने कहा, पिछले करीब 28 साल से ठेके पर काम कर रहे सफाई कर्मियों को नियमित किया जाए। 2003-04 में नियमित कर्मियों के एरियर का एकमुश्त भुगतान हो। इन्हें मेडिकल कैशलैस कार्ड की सुविधा मिले। सफाई कर्मियों की भर्ती हो। दिल्ली नगर निगम सफाई कर्मचारी कोर कमेटी के चेयरमैन राजकुमार धींगान ने कहा कि निगम में करीब 83 हजार सफाई कर्मी हैं, इनमें से करीब 50 हजार कर्मी नियमित होने हैं। 1998 से सफाई कर्मियों की भर्ती नहीं हुई। कॉलोनियों की संख्या और दिल्ली की आबादी कई गुना बढ़ गई। यदि हफ्ते भर में इनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ तो दिल्ली में कूड़ा नहीं उठेगा।