उत्तर भारत के समेत दिल्ली एनसीआर में भी कोहरे की चादर में लिपटा हुआ है। बुधवार सुबह को घना कोहरा दिखा। इस वजह से नजदीक की चीजें भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे पा रही है। जिसके चलते सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए।
मौसमी बदलाव के कारण दिल्ली में मंगलवार को भी घना कोहरा छाया रहा। आईजीआई एयरपोर्ट समेत दिल्ली के दूसरे कई इलाकों में सुबह तीन घंटे दृश्यता शून्य रही। प्रादेशिक मौसम विभाग केंद्र के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान सात डिग्री रहा जो सामान्य से एक डिग्री कम है।
बुधवार को हवा की दिशा में बदलाव का अनुमान है। संभावना है कि उत्तर-पश्चिमी दिशा से बर्फीली हवा चल सकती है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।विभाग के मुताबिक, दिन में आसमान साफ रहेगा। सुबह कई स्थानों पर बहुत घना कोहरा रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
विभाग के मुताबिक, ठंडी हवा के कारण दिन का तापमान गिरेगा। एक जनवरी तक दिल्ली में सुबह कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को मुंगेशपुर में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह अन्य इलाकों से सबसे ठंडा रहा। लोदी रोड 7 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे नंबर पर रहा।