तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सोमवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में कार्यरत राज्य के नौ वैज्ञानिकों को सम्मानित किया और प्रत्येक को 25-25 लाख रुपये पुरस्कार के रूप में देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने इन वैज्ञानिकों के सम्मान में एक छात्रवृत्ति स्कीम की शुरुआत की। तमिलनाडु सरकार ने जिन वैज्ञानिकों को सम्मानित किया है, उनमें इसरो के पूर्व अध्यक्ष के सिवन, डॉ मयिलसामी अन्नादुरई, डॉ वी नारायणन, थिरु ए राजराजन, एम शंकरन, जे असीर पैकियाराज, एम वनिता, निगार शाजी और डॉ वीरमुथुवेल शामिल हैं।
सीएम स्टालिन ने एक्स पर लिखा, वैज्ञानिकों की अपार प्रतिभा और उपलब्धियों को पहचानते हुए इन दूरदर्शी वैज्ञानिकों के नाम पर छात्रवृत्ति की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। आइए हम एक ऐसे भविष्य की कल्पना करें, जहां तमिलनाडु के लिए आसमान की कोई सीमा न हो। स्टालिन ने कहा, तमिलनाडु के इन प्रमुख अंतरिक्ष वैज्ञानिकों को सम्मानित करते हुए खुशी हो रही है, जिन्होंने अपने अविश्वसनीय योगदान से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान के इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया है। यह घटना सामाजिक न्याय का उदाहरण है, क्योंकि इनमें से अधिकांश साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं और सरकारी स्कूलों से पढ़ाई की है। इनमें शामिल दो महिलाएं भी हम सभी को प्रेरित करती हैं।