एशियाई खेलों का आधिकारिक आगाज होने के बाद पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों ने देश को पांच पदक दिलाए। दूसरे दिन शूटिंग टीम ने भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। अब महिला क्रिकेट टीम देश को एक और स्वर्ण पदक दिला सकती है। इसके अलावा शूटिंग और नौकायन में कई पदकों की उम्मीद है। इन दोनों खेलों में पहले दिन भी भारत को पांच पदक मिले थे।
नौकायन टीम ने भारत को सातवां पदक दिलाया है। पुरुषों की टीम स्पर्धा (चार खिलाड़ी) में जसविंदर, भीम, पुनित और आशीष की चौकड़ी ने 6:10.81 का समय दर्ज किया। भारतीय टीम तीसरे स्थान पर रही और कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
एशियाई खेल 2023 में भारतीय शूटिंग टीम ने इतिहास रच दिया है। भारत की 10 मीटर पुरुष राइफल टीम ने 1893.7 अंक हासिल कर विश्व रिकॉर्ड तोड़ा और चीन के 1893.3 अंकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। चीन ने इसी साल बाकू चैंपियनशिप में यह रिकॉर्ड बनाया था। इसके साथ ही भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया। एशियाई खेल 2023 में यह भारत का पहला स्वर्ण पदक है।