वर्ष 2023 में कई ऐसी घटनाएं हुई जिसकी चर्चा लोगों की जुबान पर अब भी है। इनमें दो ऐसी घटनाएं हैं जो ताकतवर होने का एहसास कराती हैं। पहली है चंद्रयान-3 की पिछले दिनों चंद्रमा पर हुई सफल लैंडिंग। जबकि, दूसरा है उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के द्वारा लिया जा रहा बुलडोजर एक्शन। चंद्रयान और बुलडोजर एक्शन की चर्चा पूरे देश में हो रही है। इसका असर त्योहारों के दौरान बाजार में भी देखने को मिल रहा है। रक्षाबंधन को लेकर वाराणसी के मार्केट में चंद्रयान और बुलडोजर थीम पर राखी आ गई है। यह राखी समान्य राखी से बिल्कुल अलग है। बहनों का कहना है कि इस बार रक्षाबंधन का पर्व वे ISRO के वैज्ञानिकों को समर्पित करेंगी।
रक्षाबंधन का त्योहार हर किसी के लिए बहुत ही खास और दिल के करीब होता है। भाई-बहन के खट्टे मीठे रिश्ते को रक्षा के सूत्र से पवित्र बनाने वाला ये दिन, अपने आप में ही बहुत शानदार होता है। अब इस शानदार दिन को और भी ज्यादा शानदार बनाने के लिए चांद से भइया की कलाई पर प्यारी-प्यारी राखी बांधनी बनती ही है। 30 अगस्त को मनाए जाने वाले रक्षाबंधन के त्योहार पर बहनें अपने भाई को चंद्रयान की डिजाइन वाली राखी बांधेंगी। तो वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुलडोजर एक्शन से प्रभावित होकर बहनों का मानना है कि बुलडोजर राखी के जरिए अपने भाई को ताकतवर दर्शाया गया है। भाई शक्तिशाली होगा, तभी वो बहन की सुरक्षा कर पाएगा।
भद्रा में न बांधें राखी
रक्षाबंधन का पर्व इस बार दो दिन पड़ रहा है। 30 अगस्त को रात 9 बजे के बाद 31 अगस्त की सुबह उदया तिथि में पूर्णिमा सुबह 8 बजे तक पड़ रहा है। इसलिए सभी सनातनी भाई बहन राखी बांध सकती हैं। 30 की सुबह से रात 9 बजे तक भद्रा है। इसलिए भद्रा में राखी को न बांधें। ज्योतिषाचार्य हरिराम द्विवेदी का कहना है कि रक्षाबंधन पर हर साल भ्रदा पड़ता है। भद्रा में पर्व को नहीं मनाना चाहिए।