भारतीय-अमेरिकी डॉक्टर आशीष झा कोविड रिस्पॉन्स कॉर्डिनेटर यानी कोविड 19 प्रतिक्रिया समन्वयक का पद संभाल रहे हैं। अब खबर आई है कि वह जल्द ही अपने पद को छोड़ देंगे। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि झा जून के अंत तक अमेरिकी प्रशासन को छोड़ेंगे।
वापस अपने काम पर लौटेंगे
52 वर्षीय झा को पिछले साल अप्रैल में व्हाइट हाउस के कोविड-19 प्रतिक्रिया समन्वयक के रूप में नियुक्त किया गया था। अब वह फिर से ब्राउन विश्वविद्यालय में स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के डीन के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
बाइडन ने की तारीफ
डॉक्टर आशीष ने जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना की स्थिति नियंत्रण में हैं। इसलिए, महामारी के घटते मामले को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने झा की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अमेरिका में अग्रणी सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों में से एक के रूप में झा ने प्रभावी रूप से जटिल वैज्ञानिक चुनौतियों का अनुवाद और संचार किया है। इसकी वजह से लाखों जान बचाई जा सकीं। उन्होंने आगे कहा कि जब मैंने पदभार ग्रहण किया, तो देश महामारी का सामना कर रहा था। इस मौके पर बाइडन ने अपने सभी कर्मचारियों का कोरोना महामारी को हराने में साथ देने के लिए धन्यवाद किया।
एक नई दुनिया में हम
वहीं, ब्राउन विश्वविद्यालय ने एक बयान जारी किया। इसमें बताया गया है कि झा 1 जुलाई को स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के डीन के रूप में कार्यभार संभाल लेंगे। झा ने कहा कि हम कोविड-19 महामारी की वजह से एक नई और बदली हुई दुनिया में हैं। हमने लोगों की जान बचाने के लिए स्वास्थ्य प्रणालियों की कमजोरियों को उजागर करके उन्हें मजबूत किया।