राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन दिनों सूरीनाम और सार्बिया के दौरे पर हैं। उन्होंने मंगलवार देर रात (भारतीय समयानुसार) सूरीनाम की राजधानी पारामरिबो में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि सूरीनाम में एक मिनी भारत बसता है। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि सूरीनाम में प्रवासी भारतीय देश के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने लगभग सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
राष्ट्रपति मुर्मू एक सामुदायिक स्वागत समारोह में सूरीनाम में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों से मिलीं। इस समारोह में सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी ने भी भाग लिया। इस मौके पर यहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि सूरीनाम में भारतीय सर्वोच्च पदों पर पहुंचे हैं।