राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़ के हिंदी बोलने की तारीफ की। दरअसल, झारखंड उच्च न्यायालय के नए भवन के उद्घाटन के दौरान सीजेआई ने हिंदी में भाषण दिया था, जिस पर राष्ट्रपति ने खुशी जाहिर की। साथ ही उन्होंने न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने में भाषा के महत्व के बारे में बात की।
बता दें, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को रांची में झारखंड उच्च न्यायालय के नए भवन के उद्घाटन के अवसर पर बोल रही थीं। उन्होंने इस दौरान मुख्य न्यायाधीश को धन्यवाद दिया और न्याय के दरबार में विभिन्न भाषाओं को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कई भाषाओं में काम करने की शुरुआत की है। यह जरूरी भी है। झारखंड के लोग अंग्रेजी के अलावा दूसरी भाषाओं में सहज हैं।