पटना में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने उसे 3 गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी में एक अन्य शख्स घायल हो गया। उसकी हालत गंभीर है। घटना दानापुर के चित्रकूट नगर इलाके की है। सोमवार देर रात तिलक समरोह चल रहा था। इसी बीच कुछ अपराधी आए और संजीत कुमार के साथ मारपीट करने लगे। अनिल राय वहीं मौजूद था। वह बीच-बचाव करने लगा। इतने में अपराधी गोलीबारी करने लगे। इसमें अनिल राय को गोली लगी।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद में गोलीबारी की बात सामने आ रही है। कुछ लोगों पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी की मदद से गोलीबारी करने वालों की पहचान की जा रही है। घायल संजीत कुमार को नर्सिंग होम में भर्ती करवाया गया।
तिलक समारोह में संजीत को बेरहमी से पीटने लगे अपराधी
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि अनिल की किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी। वह तो बीच-बचाव करने गए थे। इतने में उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस से अपील है कि वह इस मामले को गंभीरता से ले और आरोपियों की गिरफ्तारी करे। वहीं संजीत कुमार के परिजनों का कहा है कि अपराधी संजीत की हत्या करने आए थे। तिलक समारोह चल रहा था। अचानक अपराधी आ गए और संजीत को बेरहमी से पीटने लगे। इसी बीच अनिल वहां पहुंचे। अनिल के साथ अन्य लोगों को करीब आता देख अपराधी घबरा गए। दहशत फैलाने के लिए गोलीबारी करने लगे। अनिल ने समझाने की कोशिश की तो उसे मौत के घाट उतार दिया और संजीत पर जान से मारने की कोशिश की। इसके बाद हथियार लहराते हुए अपराधी फरार हो गए।