भारत में ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह के खिलाफ कार्रवाई के बीच ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग पर हमला किए जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि लंदन स्थित उच्चायोग को खालिस्तान समर्थकों ने निशाना बनाया है। इस दौरान तिरंगे का अपमान किया गया और परिसर में तोड़फोड़ भी की गई। इस घटना के बाद भारतीय उच्चायोग की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बताया जाता है कि घटना के समय भारतीय उच्चायोग के बाहर सुरक्षा व्यवस्था नगण्य थी जिसके कारण हमलावर घटना को आसानी से अंजाम दे सके। हमलावरों की संख्या करीब 80 बताई जा रही है।
घटना से नाराज भारत ने ब्रिटिश उच्चायुक्त को तलब किया, हालांकि उच्चायुक्त एलेक्स एलिस के दिल्ली से बाहर होने के कारण उच्चायोग के उप प्रमुख विदेश मंत्रालय पहुंचे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि विदेश मंत्रालय ने घटना को लेकर ब्रिटेन के राजनयिक को कड़ा संदेश दिया। ब्रिटेन के उच्चायुक्त एलेक्स एलिस ने घटना की निंदा की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि यह पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा, मैं लंदन में भारतीय उच्चायोग के लोगों और परिसरों के खिलाफ आज के शर्मनाक कृत्य की निंदा करता हूं। यह अस्वीकार्य है।