दिसंबर में सितम बरसा रही सर्दी से लोग कांप रहे हैं। आपको सुनकर आश्चर्य होगा कि कानपुर की रात लंदन, नैनीताल, दार्जिलिंग और देहरादून से भी ज्यादा ठंडी है। न्यूनतम तापमान लगातार गिरते हुए रविववार को 4.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि बर्फबारी वाले शहरों में गिने जाने वाले शहरों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से अधिक चल रहा है। हालांकि इन शहरों में दिन का तापमान कानपुर की अपेक्षा काफी कम है। इससे दोपहर में कड़कड़ाती सर्दी का अहसास नहीं हो रहा है।
पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने सर्दी बढ़ाना शुरू कर दिया है। मैदानी इलाकों में पिछले तीन दिन से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। रविवार को अधिकतम तापमान 20.6 तो न्यूनतम 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों ही सामान्य से कम हैं। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 5.6 था। पिछले 72 घंटे में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की कमी आई है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सुनील पांडेय ने बताया कि इसी तरह हवाएं चलने से तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। हवा की रफ्तार कम होते ही कोहरा पड़ने की संभावना है। क्योंकि यहां नमी पहले से मौजूद है और तापमान भी 5 डिग्री सेल्सियस के करीब चल रहा है। कोहरा पड़ते ही तापमान गिरेगा और सर्दी में इजाफा होगा।
रविवार को रहा ये न्यूनतम तापमान
शहर | तापमान |
लंदन | 6 डिग्री सेल्सियस |
नैनीताल | 7 डिग्री सेल्सियस |
जम्मू | 6 डिग्री सेल्सियस |
देहरादून | 9 डिग्री सेल्सियस |
दार्जिलिंग | 7 डिग्री सेल्सियस |
कानपुर | 4.2 डिग्री सेल्सियस |
लगातार गिर रहा कानपुर का तापमान
दिन | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
गुरुवार | 20.4 डिग्री सेल्सियस | 8.2 डिग्री सेल्सियस |
शुक्रवार | 19.0 डिग्री सेल्सियस | 6.4 डिग्री सेल्सियस |
शनिवार | 21.2 डिग्री सेल्सियस | 5.6 डिग्री सेल्सियस |
रविवार | 20.6 डिग्री सेल्सियस | 4.2 डिग्री सेल्सियस |
मैदानी भागों के 10 सबसे ठंडे शहर
शहर | तापमान |
चुरू, राजस्थान | (-0.1) |
अमृतसर, पंजाब | 0.6 |
भीलवाड़ा, राजस्थान | 1.6 |
नारनौल, हरियाणा | 2.2 |
करनाल, हरियाणा | 2.3 |
चित्तौड़गढ़, राजस्थान | 2.5 |
फुरसतगंज, उत्तर प्रदेश | 2.6 |
बरेली, उत्तर प्रदेश | 2.8 |
हिसार, हरियाणा | 2.8 |
लुधियाना, पंजाबॉ | 2.8 |