शिवसेना के मुखपत्र सामना में फिल्म सिटी को उत्तर प्रदेश ले जाने के विचार लेकर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधाा गया। इसके बाद यूपी के कैबिनेट मंत्री एसएन सिंह ने शिवसेना पर पलटवार करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुंबई प्रवास से उद्धव ठाकरे की नींद हराम हो चुकी है। ‘सामना’ के माध्यम से वो आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो निंदनीय है। ये उनका पार्टी कल्चर हो सकता है। हम बॉलीवुड का खुले दिल से स्वागत करते हैं। हम आधुनिक फिल्म सिटी बनाएंगे। UP में योगी जी के नेतृत्व में निवेशक आना चाहते हैं क्योंकि सुरक्षा का माहौल है।
उन्होंने कहा कि शिवसेना को दूसरों पर उंगली नहीं उठानी चाहिए। उन्हें पहले बॉलीवुड के साथ अपने रिश्तों को सुधारना चाहिए। यदि वे फिल्म सिटी रखना चाहते हैं, तो उन्हें इसे रखना चाहिए, कोई भी नहीं छीन रहा। यह प्रतियोगिता है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने राज्य में फिल्म सिटी बनाने की योजना बना रहे हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने मंगलवार को मुंबई पहुंचकर फिल्म सितारों से मुलाकात की। योगी के इस फैसले ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की नींद उड़ा दी है। वे लगातार योगी पर निशाना साध रहे हैं।
दरअसल, योगी के मुंबई आने के बाद सामना के लेख में शिवसेना ने लिखा था, ‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल से साधु-महात्मा हैं। इन साधु-महात्मा का मुंबई मायानगरी में आगमन हुआ और वे समुद्र तट पर स्थित ‘ओबेरॉय ट्राइडेंट’ मठ में ठहरे हैं। साधु महाराज का मायानगरी में आने का मूल मकसद ऐसा है कि मुंबई की फिल्म सिटी को उत्तर प्रदेश ले जाया जाए। हम महाराष्ट्र से कुछ भी ले जाने नहीं देंगे। किसी के बाप की हिम्मत नहीं है वो फिल्म सिटी ले जाए।’