दिल्ली की सीमाओं पर एक महीने से ज्यादा समय से किसान कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। सभी विपक्षी पार्टियों ने इसे अपना समर्थन दिया है। इसी बीच मंगलवार को बिहार की राजधानी पटना में कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया|
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने पटना में अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति और लेफ्ट पार्टियों की ओर से राजभवन तक निकाले जा रहे मार्च को रोक दिया। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। फिर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया।
पुलिस ने आंदोलनकारियों को दौड़ाकर पीटा
डाकबंगला चौराहे पर जब किसानों को रोका गया तो उनके और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। अनियंत्रित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसके बाद भगदड़ मच गई। पुलिस ने भाग रहे किसानों को दौड़ाकर पीटा। कई किसानों ने गलियों में छिपकर अपनी जान बचाई। घायल किसानों को पीएमसीएच भेजा गया है।
हंगामे के कारण आसपाल के इलाकों में लगा जाम
किसान कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग कर रहे थे। डाक बंगला चौराहे पर काफी देर तक हंगामा होने के बाद आसपास के इलाकों में जाम लग गया। जाम के कारण गांधी मैदान से लोगों का आगे बढ़ना मुश्किल हो गया।