बॉलीवुड की चुलबुली अभिनेत्री काजोल आज अपना 48वां जन्मदिन मना रही हैं। साल 1974 में जन्मी काजोल बॉलीवुड की खूबसूरत अभिनेत्री हैं, जिन्होंने इस इंडस्ट्री को कई हिट फिल्में दी हैं। इसके अलावा, वह एक पत्नी और मां भी हैं। काजोल और अजय देवगन की जोड़ी बॉलीवुड में काफी पॉपुलर है और आज अजय देवगन ने अपनी खूबसूरत पत्नी को खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी है।
अजय देवगन ने रात ठीक 12 बजे इंस्टाग्राम पर एक खूबसूरत वीडियो शेयर किया है, जो काजोल की तस्वीरों से तैयार किया गया है। वीडियो की शुरुआत एक फोन कॉल से होती है। देखा जा सकता है कि मोबाइल से काजोल का फोन आ रहा है और फिर अचानक ही काजोल की काफी सारी तस्वीरें दिखने लगती हैं। इन तस्वीरों में अभिनेत्री रेड कलर की थाई हाई स्लिट ड्रेस में काफी सुंदर लग रही हैं।
अजय देवगन ने अपने पोस्ट के साथ एक प्यारा सा कैप्शन दिया है। उन्होंने लिखा, ‘जब वह फोन करती हैं, तो मैं उठाने से कभी नहीं चूकता हूं। जन्मदिन मुबारक हो प्यारी काजोल।’ अजय देवगन के इस पोस्ट पर फैंस खूब पसंद कर रहे हैं। कई लोगों ने काजोल की तारीफ की है तो कुछ लोग काजोल को बर्थडे विश कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘हैप्पी बर्थडे गॉर्जियस।’ दूसरे ने लिखा, ‘हैप्पी बर्थडे मैम।’
काजोल के करियर पर एक नजर डाले तो अभिनेत्री ने जब फिल्मी दुनिया में कदम रखा था तब वह महज 16 साल की थीं। काजोल की डेब्यू फिल्म ‘बेखुदी’ थी, जो बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा पाई। हालांकि, काजोल की एक्टिंग को सबने पसंद किया, जिसके बाद उनके पास फिल्मों की लाइन लग गई थी। काजोल ने ‘बाजीगर’, ‘कभी खुशी कभी गम’, ‘दिल वाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘फना’, ‘प्यार किया तो डरना क्या’ समेत कई हिट फिल्मों में काम किया है।