दिल्ली से सटे गाजियाबाद में बड़ा हादसा हुआ है। मुरादनगर के श्मशान घाट परिसर में गैलरी की छत गिर गई। जिसमें करीब 40 लोग दबे हुए हैं। कई लोगों की अब तक मौत हो चुकी है, हालांकि अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। कई घायलों को अस्पताल में पहुंचाया गया है।
ये सभी लोग अंतिम संस्कार करने के लिए आए थे। पुलिस प्रशासन ने बचाव अभियान चला रखा हैं। मौके पर भारी भीड़ जमा है। बारिश के कारण बचाव अभियान में दिक्कत आ रही है। अब तक 15 लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है।
वहीं, गाजियाबाद में श्मशान घाट में परिसर की छत गिरने से दबे लोगों को निकालने के लिए राज्य आपदा मोचन बलवीर दल मुरादाबाद की टीम सूचना मिलते ही रवाना हो गई। उप निरीक्षक आशुतोष पांडे इस टीम की अगुवाई कर रहे हैं। टीम में 20 लोग शामिल हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गाजियाबाद के मुरादनगर में छत गिरने की घटना का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
सीएम योगी ने कहा कि घटना से प्रभावित व्यक्तियों को हर सम्भव मदद पहुंचाई जाए, साथ ही हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार भी सुनिश्चित किया जाए।